Thursday, October 22nd, 2026

घरेलू हिंसा के मामलों में होगी सख्त से सख्त कार्रवाई

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों में दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। ऐसे जघन्य अपराधों के लिए अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा कैसे मिले, इस संबंध में अन्य आवश्यक वैधानिक प्रावधान किए जाएंगे। ऐसे अपराधों में सजा के वर्तमान प्रावधानों से अधिक सख्त सजा दिए जाने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री चौहान ने स्मार्ट उद्यान में आज मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में कहा कि हाल ही में प्रदेश में दो घटनाओं में महिलाओं के हाथ काटे जाने के मामले सामने आए हैं। यह साधारण अपराध न होकर विश्वास की हत्या है। यह भयंकर अपराध है। जिसके साथ जन्म-जन्म का साथ निभाने की कसम खाई गई, उन पर हमला करने और जान लेने का प्रयास घृणित और अति निंदनीय है। यह व्यवहार मध्ययुगीन बर्बरता की तरह है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इस बारे में जन-जागरण अभियान भी चलना चाहिए। ऐसे अपराधियों को कठोरतम दंड मिले इसकी व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री चौहान ने आज पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी को इस तरह के अपराधों के अपराधियों की धरपकड़ कर कठोरतम दंड दिलवाने के निर्देश दिए हैं।

 

#घरेलू हिंसा

Source : Agency

पाठको की राय